FASTAG NEW RULE – केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने फास्टैग को लेकर किया बड़ा ऐलान… 3000 रुपए का बनेगा एक साल का पास।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गडकरी ने फास्टैग से संबंधित एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए देशभर के निजी वाहन चालकों को बड़ी राहत दी है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार 15 अगस्त 2025 से एक नया फास्टैग आधारित वार्षिक पास लागू करने जा रही है, जिसकी लागत 3,000 रुपये निर्धारित की गई है।
FASTAG NEW RULE – पास के 200 टोल यात्राओं तक निर्बाध यात्रा की मिलेगी सुविधा –

यह विशेष पास गैर-व्यावसायिक निजी वाहनों — जैसे कार, जीप और वैन — के लिए तैयार किया गया है और इसके जरिए एक वर्ष अथवा अधिकतम 200 टोल यात्राओं तक निर्बाध यात्रा की सुविधा मिलेगी। श्री गडकरी ने स्पष्ट किया कि यह नई व्यवस्था खासतौर पर 60 किलोमीटर के दायरे में मौजूद टोल प्लाज़ाओं के संदर्भ में आ रही समस्याओं और यात्रियों की चिंताओं को दूर करने के उद्देश्य से लागू की जा रही है।
FASTAG NEW RULE – केंद्रीय मंत्री ने कहा कि –
उन्होंने कहा, “हम एक ऐसा समाधान ला रहे हैं जिससे लोगों को बार-बार टोल भुगतान की परेशानी से मुक्ति मिलेगी। फास्टैग आधारित यह वार्षिक पास न केवल यात्रा को तेज़ और सुविधाजनक बनाएगा, बल्कि टोल प्लाज़ाओं पर भीड़, विवाद और प्रतीक्षा समय को भी काफी हद तक कम करेगा।”

FASTAG NEW RULE – ऐप के जरिए कर सकेंगे ऑनलाइन भुगतान –
इसके अतिरिक्त, इस योजना के सक्रियकरण एवं नवीनीकरण की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए जल्द ही राजमार्ग यात्रा मोबाइल ऐप तथा NHAI और MoRTH की आधिकारिक वेबसाइट्स पर एक समर्पित लिंक जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से उपयोगकर्ता आसानी से ऑनलाइन आवेदन और भुगतान कर सकेंगे।
FASTAG NEW RULE – निजी वाहन चालकों को करेगा लाभान्वित –

यह पहल केंद्र सरकार की उस प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है जिसके अंतर्गत देश के नागरिकों को तेज़, सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। नया वार्षिक फास्टैग पास नीति परिवर्तन का प्रतीक बनकर, लाखों निजी वाहन चालकों को लाभान्वित करेगा।