AMBIKAPUR NEWS – सड़क हादसे रोकने व सड़क पर मवेशियों को हताहत होने से बचाने सरगुजा पुलिस की अनोखी पहल, मवेशियों के गले में बंधेगा रेडियम कॉलर।
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सड़कों पर मवेशियों के हताहत होने की घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से सरगुजा पुलिस एवं छत्तीसगढ़ सीसीटीवी एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में “रेडियम कॉलर अभियान” की शुरुआत की गई है।
AMBIKAPUR NEWS – दुर्घटना से मवेशियों को बचाने सरगुजा पुलिस द्वारा सराहनीय कदम –

अभियान के तहत नगर में खुले में विचरण करने वाले मवेशियों के गले में रेडियम पट्टी (रेडियम कॉलर) बांधी जा रही है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह है कि रात के समय सड़क पर चलने वाले वाहन चालकों को दूर से ही मवेशी नजर आ सकें, जिससे समय रहते वे अपनी गति नियंत्रित कर सकें और संभावित टक्कर या दुर्घटना से बचा जा सके।
AMBIKAPUR NEWS – रेडियम पट्टी की गई वितरित –
रेडियम कॉलर लगाने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग वाहनों को विशेष रूप से रेडियम पट्टियाँ वितरित की गईं हैं। संबंधित दलों द्वारा नेशनल हाईवे सहित प्रमुख मार्गों पर ऐसे संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान की जा रही है जहाँ मवेशियों की अधिक आवाजाही होती है। इन स्थानों पर प्राथमिकता से सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं।

अभियान को स्थानीय नागरिकों, समाजसेवियों एवं स्वयंसेवी संगठनों का भी भरपूर सहयोग मिल रहा है। सड़क सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर जनभागीदारी सुनिश्चित करने का यह प्रयास क्षेत्र में दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।