AMBIKAPUR NEWS – बरसात में अम्बिकापुर के मुख्य मार्गों की हालत गंभीर, भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक सड़कें बनीं दलदल।
इस वर्ष मानसून ने जून माह में समय पर दस्तक दी, जिससे छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की गई है। भारी गर्मी से राहत मिलने के साथ ही खेतों में हरियाली लौटने लगी है और किसानों के चेहरों पर खुशी साफ झलक रही है। लेकिन शहर के सड़कों की हालत बेहद खराब हो गई है। जलभराव के कारण लोगों को कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
AMBIKAPUR NEWS – शहर की कई सड़कों का हालत बेहद खराब –

सरगुजा संभाग, विशेषकर अंबिकापुर शहर में सड़कों की जर्जर स्थिति ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। एमजी रोड, भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक, राष्ट्रीय राजमार्ग अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग समेत अन्य क्षेत्रों की सड़कें नालियों में तब्दील हो चुकी हैं। बारिश के पानी से जगह-जगह जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
AMBIKAPUR NEWS – सड़कों के बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को कर रहे आमंत्रित –

इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को आमंत्रित कर रहे हैं। पैदल चलना तो दूर, दोपहिया वाहनों का चलना भी जान जोखिम में डालने जैसा हो गया है। विशेष रूप से भारत माता चौक से दरिमा मोड़ के बीच का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त है, जहाँ प्रतिदिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं। इसी प्रकार, रामानुजगंज राष्ट्रीय राजमार्ग की हालत भी दयनीय बनी हुई है। विडंबना यह है कि बारिश पूर्व इन सड़कों की मरम्मत हेतु शासन द्वारा ₹10 करोड़ की राशि स्वीकृत की गई थी, बावजूद सड़क की स्थिति नही बदली।