AMBIKAPUR – शीतलहर के कारण अम्बिकापुर समेत मैनपाट में पड़ रही कड़ाके की ठंड, न्यूनतम तापमान पहुंचा 2 डिग्री सेल्सियस से नीचे।
दिसंबर के अंतिम सप्ताह में सरगुजा अंचल में ठंड अपने चरम पर पहुँच गई है। Ambikapur में न्यूनतम तापमान गिरकर करीब 4 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच चुका है, जबकि छत्तीसगढ़ का शिमला कहे जाने वाले मैनपाट में तापमान 2 डिग्री सेल्सियस से भी नीचे दर्ज किया जा रहा है।
31 दिसंबर तक सरगुजा में शीतलहर का अलर्ट –
मैनपाट में सुबह के समय पत्तों और घास पर ओस की जमी हुई बूंदें साफ दिखाई दे रही हैं, जिससे इलाके में कड़ाके की सर्दी का एहसास हो रहा है। इतना ही नहीं, सरगुजा संभाग के सोनहत क्षेत्र में हल्की बर्फबारी जैसी स्थिति की भी खबरें सामने आई हैं, जिससे ठंड और बढ़ गई है। लगातार गिरते तापमान को देखते हुए मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक सरगुजा संभाग में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

घना कोहरा छाने से वाहनों की रफ्तार पर लगा ब्रेक –
Ambikapur मौसम में नमी अधिक होने के कारण सुबह और रात के समय घना कोहरा छा रहा है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है और वाहनों की रफ्तार पर भी असर पड़ा है। कई जगहों पर वाहन चालकों को दिन में भी लाइट जलाकर चलना पड़ रहा है। शाम ढलते ही पहाड़ी और पठारी इलाकों में ठंड और बढ़ जाती है, जिससे सड़कों और बाजारों में जल्दी ही सन्नाटा पसर जाता है।
Ambikapur – लोग आवश्यक काम निपटाकर घरों में ही रहना पसंद कर रहे हैं। कड़ाके की ठंड से बचाव के लिए ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में लोग अलाव जलाकर खुद को गर्म रख रहे हैं, वहीं गर्म कपड़ों की मांग भी बढ़ गई है। मौसम की इस करवट ने जनजीवन को खासा प्रभावित कर दिया है और आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।