AMBIKAPUR NEWS – कलः अम्बिकापुर में निकलेगी भव्य जगन्नाथ रथ यात्रा, दोपहर 12 बजे होगा शुभारम्भ।
श्री जगन्नाथ मंदिर समिति, अम्बिकापुर के तत्वावधान में इस वर्ष भी श्रद्धा, उल्लास एवं भक्ति भाव के साथ श्री श्री जगन्नाथ महाप्रभु की भव्य रथयात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह पावन यात्रा आगामी 27 जून 2025, शुक्रवार को संपन्न होगी, जिसका शुभारंभ दोपहर 12 बजे नवीन श्री जगन्नाथ मंदिर, केदारपुर (तिवारी बिल्डिंग के पास) से किया जाएगा।
AMBIKAPUR NEWS – शहर के कई मार्गों से होकर गुजरेगी रथयात्रा –

यह रथयात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होती हुई श्रद्धालुओं के लिए एक भक्ति एवं सांस्कृतिक उत्सव का अवसर लेकर आएगी। रथ यात्रा का मार्ग क्रमशः जोड़ा पीपल, आकाशवाणी चौक, गांधी चौक, घड़ी चौक, ब्रह्म रोड, राम मंदिर, जयस्तम्भ चौक, एवं महामाया चौक होते हुए दुर्गा बाड़ी (मौसी घर) में विश्राम लेगा।
AMBIKAPUR NEWS – आकर्षण का केन्द्र रहेगी यह रथयात्रा –

रथयात्रा के दौरान भक्तों के मनोभावों को प्रकट करने एवं सांस्कृतिक विरासत को सजीव करने के उद्देश्य से विविध रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। इस अवसर पर परंपरागत सैला नृत्य, रसधारी नृत्य, शहनाई वादन तथा भजन मंडली द्वारा भक्तिमय प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जो कार्यक्रम की शोभा को और भी भव्य बनाएंगी। श्री जगन्नाथ मंदिर समिति ने नगरवासियों सहित सभी श्रद्धालुजनों से अपील की है कि वे इस पुण्य अवसर पर सपरिवार एवं अपने इष्टमित्रों सहित सादर पधारें एवं रथयात्रा की गरिमा में सहभागी बनकर आयोजन को सफल एवं भव्य बनाएं।
Also read – सरगुजा कलेक्टर ने किया खाद बीज वितरण केंद्रों का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर दो अधिकारियों पर गिरी गाज।