RAMGARH MAHOTSAV 2025 – राम की भक्ति, लोकसंस्कृति और जनभागीदारी के संग दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का हुआ भव्य समापन।
दो दिवसीय भव्य रामगढ़ महोत्सव का समापन 12 जून को प्रदेश के वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी की मुख्य अतिथि के रूप में गरिमामयी उपस्थिति में हुआ। महोत्सव की शुरुआत 11 जून को शोध पत्र प्रस्तुतिकरण और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ हुई थी, जिसका समापन भी उतनी ही धूमधाम और श्रीराम की स्तुति व सांस्कृतिक रंगारंग प्रस्तुतियों के साथ हुआ।
RAMGARH MAHOTSAV 2025 – वित्त मंत्री ओपी चौधरी रहे उपस्थित –
12 जून को महोत्सव का शुभारंभ भगवान श्रीराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें श्री ओपी चौधरी ने भाग लिया। अपने संबोधन में वित्त मंत्री ने कहा कि “आज से 16 वर्ष पूर्व जब वे सरगुजा जिले के जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी थे, तब भी रामगढ़ की पावन भूमि उनके हृदय में विशेष स्थान रखती थी।” उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि रामगढ़ महोत्सव को राज्य के बजट में सम्मिलित कर इसे नियमित स्वरूप देने का प्रयास किया जाएगा।

RAMGARH MAHOTSAV 2025 – श्रीराम दरबार की दिखी जीवंत झांकी –
महोत्सव के दौरान श्रीराम दरबार की जीवंत झांकी आकर्षण का केंद्र रही। साथ ही, विभिन्न कलाकारों ने पारंपरिक व सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियाँ देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मंत्री श्री चौधरी ने महोत्सव में लगे स्थानीय स्टालों का निरीक्षण किया और स्थानीय उत्पादों की सराहना की। इसके अतिरिक्त, उन्होंने “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के अंतर्गत राम वन गमन पर्यटन परिपथ परिसर में रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण एवं मातृ स्मरण का संदेश दिया।