AMBIKAPUR NEWS – अत्यधिक गर्मी और उमस से परेशान सरगुजा वासियों को जल्द मिलेगी राहत, मौसम विभाग ने 2-3 दिन में मानसून पहुंचने की जताई संभावना।
भीषण गर्मी से जूझ रहे सरगुजा वासियों के लिए राहत भरी खबर है। मौसम विभाग के अनुसार, आगामी 2 से 3 दिनों के भीतर उत्तरी छत्तीसगढ़ सहित सरगुजा क्षेत्र में मानसून के पहुंचने की प्रबल संभावना है।
AMBIKAPUR NEWS – तेज धूप व उमस भरी गर्मी से लोग परेशान –

इस समय अंबिकापुर सहित पूरे सरगुजा क्षेत्र में गर्मी और उमस का असर चरम पर है। सुबह से ही तेज धूप और चिपचिपी गर्मी ने आम जनजीवन को खासा प्रभावित किया है। सोमवार को अंबिकापुर में अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
AMBIKAPUR NEWS – मानसून की गतिविधि में फिर आई तेजी –
आम तौर पर जून के पहले सप्ताह में मानसून प्रदेश में दस्तक दे देता है, परंतु इस वर्ष मानसून की गति कुछ दिनों तक थमी रही। हालांकि अब मानसून संबंधी गतिविधियों में तेजी देखी जा रही है। प्रदेश के कई इलाकों में काले घने बादलों के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश की शुरुआत हो गई है, जो मानसून के निकट आगमन का संकेत है। मौसम विभाग ने जानकारी दी है कि 15 से 16 जून के बीच सरगुजा सहित उत्तरी छत्तीसगढ़ में मानसून सामान्य समय में पहुंच जाएगा। इसके साथ ही क्षेत्र में व्यापक स्तर पर वर्षा की संभावना जताई जा रही है, जिससे तापमान में भी गिरावट आने की उम्मीद है।

AMBIKAPUR NEWS – मानसून की आहट मिलते ही किसानों में उत्साह –
मानसून की आहट मिलते ही किसानों में उत्साह का माहौल है। खेतों की जुताई और मेडों की मरम्मत का कार्य तेजी से शुरू हो गया है। कृषि कार्यों की तैयारियों में भी तेजी देखी जा रही है, जिससे स्पष्ट है कि किसान इस वर्ष की खरीफ फसल के लिए पूरी तरह सजग और तत्पर हैं। सरगुजा वासियों को आने वाले दिनों में गर्मी से राहत मिलने की पूरी उम्मीद है। मौसम में परिवर्तन के साथ जनजीवन में भी ताजगी और स्फूर्ति लौटने की संभावना है।
Also read – राम की भक्ति, लोकसंस्कृति और जनभागीदारी के संग दो दिवसीय रामगढ़ महोत्सव का हुआ भव्य समापन।