AMBIKAPUR NEWS – अंबिकापुर की अक्षिता डबराल ने मिस एशिया स्टार 2025 का खिताब जीतकर बढ़ाया छत्तीसगढ़ का गौरव।
विगत 28 अप्रैल 2025 को अंबिकापुर निवासी श्री दीपक डबराल एवं श्रीमती ऐश्वर्या डबराल की सुपुत्री अक्षिता डबराल ने चंडीगढ़ में आयोजित मिस्टर एंड मिस एशिया स्टार 2025 प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर “मिस एशिया स्टार 2025” का खिताब अपने नाम किया। अक्षिता होली क्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, अंबिकापुर की कक्षा 10वीं की छात्रा हैं।
AMBIKAPUR NEWS – महिला वर्ग में अक्षिता ने हासिल किया प्रथम स्थान –

यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, झांझरी परिसर में 27 व 28 अप्रैल 2025 को NFMG PRODUCTION द्वारा आयोजित की गई थी। प्रतियोगिता में देश के 9 जोनों से चुने गए कुल 80 महिला प्रतिभागी एवं 50 पुरुष प्रतिभागियों ने भाग लिया। फाइनल राउंड में महिला एवं पुरुष वर्ग से क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं का चयन किया गया, जिसमें अक्षिता ने महिला वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त कर मिस एशिया स्टार का खिताब जीता।
AMBIKAPUR NEWS – अक्षिता का शुरू से ही रचनात्मक गतिविधियों में रहा है रुचि –
अक्षिता डबराल को प्रारंभ से ही पेंटिंग, डांस, पब्लिक स्पीकिंग, भाषण एवं मॉडलिंग जैसी रचनात्मक गतिविधियों में गहरी रुचि रही है। वे अनेक राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की पेंटिंग प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त कर चुकी हैं तथा वर्ष 2023 में उन्हें मिस ओडिशा के सम्मान से भी नवाजा गया था।
AMBIKAPUR NEWS – अक्षिता ने अपने निरंतर प्रयास को अपने सफलता का बताया आधार –
पर्यावरण संरक्षण व प्रकृति के प्रति विशेष लगाव रखने वाली अक्षिता का शैक्षणिक प्रदर्शन भी उत्कृष्ट रहा है। उनकी इस उपलब्धि पर उनके परिवार, स्कूल प्राचार्या, शिक्षकगण एवं मित्रों ने गर्व व्यक्त करते हुए शुभकामनाएं दी हैं। अक्षिता ने अपने आत्मविश्वास और निरंतर प्रयास को इस सफलता का आधार बताया।