AMBIKAPUR NEWS – अम्बिकापुर समेत सरगुजा में बढ़ा पारा, अधिकतम तापमान 40 डिग्री के पार, अस्पतालों में मरीजों की संख्या में इजाफा।
अंबिकापुर और सरगुजा अंचल में इन दिनों पश्चिमी विक्षोभ और नम हवाओं का असर पूरी तरह समाप्त हो चुका है। इसके बाद क्षेत्र में गर्मी ने तीव्र रूप ले लिया है। दिन चढ़ते ही तेज़ धूप और लू जैसे गर्म हवाओं ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। रविवार को शहर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
AMBIKAPUR NEWS – आगामी दिनों में 1 से 2 डिग्री तक बढ़ेगा तापमान –

लगातार बढ़ते तापमान के कारण शहर की गलियों और बाज़ारों में दोपहर से शाम तक सन्नाटा पसरा रहता है। दोपहर में लोगों की आवाजाही में भी कमी देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार, इस समय उत्तर-पश्चिम दिशा से गर्म हवाएं आ रही हैं, जिससे तापमान में निरंतर वृद्धि हो रही है। आगामी दिनों में इसमें 1 से 2 डिग्री सेल्सियस और बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है।
AMBIKAPUR NEWS – लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ रहा प्रभाव –
गर्मी का असर स्वास्थ्य पर भी साफ़ दिख रहा है। ज़िले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों और मेडिकल कॉलेज अस्पतालों में गर्मी से जुड़ी बीमारियों के मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। वहीं, निजी अस्पतालों में भी लू, डिहाइड्रेशन, चक्कर आने और थकावट जैसी समस्याओं के कारण मरीजों की भीड़ बढ़ती जा रही है।