CHHATTISGARH NEWS – अप्रैल 2025 में छत्तीसगढ़ ने जीएसटी संग्रहण में 4,135 करोड़ रुपये के साथ अपनी ऐतिहासिक उपलब्धि दर्ज की, देश के शीर्ष 15 राज्यों में हुआ शामिल।
छत्तीसगढ़ ने अप्रैल 2025 में वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) संग्रहण में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त की है। राज्य ने 4,135 करोड़ रुपये का जीएसटी संग्रहण कर देश के शीर्ष 15 राज्यों में अपनी जगह बनाई है। इस प्रभावशाली प्रदर्शन के साथ, छत्तीसगढ़ ने केरल, पंजाब, बिहार और खनिज संसाधनों से समृद्ध झारखंड जैसे राज्यों को भी पीछे छोड़ दिया है।
CHHATTISGARH NEWS – प्रदेश में व्यापार व उद्योग क्षेत्र में किए गए सुधारों का है परिणाम –
राज्य में इस आर्थिक प्रगति को लेकर विशेषज्ञों का मानना है कि यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा व्यापार और उद्योग क्षेत्र में किए गए सशक्त सुधारों का परिणाम है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पिछले 15 महीनों में राज्य सरकार ने ऐसे कई निर्णायक कदम उठाए हैं, जिनसे निवेश और व्यापार को प्रोत्साहन मिला है।

CHHATTISGARH NEWS – उद्योग, व्यापार के सरकार ने किए सरलीकरण –
सरकार द्वारा किए गए प्रमुख सुधारों में उद्योग और व्यापार नियमों का सरलीकरण, गैर-जरूरी और बाधक कानूनों की समाप्ति, सभी आवश्यक सेवाओं की ऑनलाइन उपलब्धता, पेट्रोल पंप खोलने के लिए लाइसेंस की बाध्यता को समाप्त करना, और उद्योगों की स्थापना प्रक्रिया को सरल बनाना शामिल है। इन सुधारों से राज्य में उद्योग और व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था में मजबूती आई है और राजस्व संग्रह में निरंतर वृद्धि हो रही है।
CHHATTISGARH NEWS – सीएम साय ने इस सफलता पर अपनी प्रतिक्रिया दी –
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने इस सफलता पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, “हमारा उद्देश्य छत्तीसगढ़ को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाना है। राज्य की आर्थिक स्थिति में यह वृद्धि जनता और उद्योग जगत के सहयोग से संभव हुई है।” यह प्रदर्शन छत्तीसगढ़ की अर्थव्यवस्था के लिए सकारात्मक संकेत है और यह दर्शाता है कि राज्य अब संसाधन आधारित अर्थव्यवस्था से आगे बढ़कर एक सशक्त औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहा है।