DELHI NEW CM – दिल्ली की नई मुख्यमंत्री होंगी “रेखा गुप्ता”… विधायक दल की बैठक में लिया गया निर्णय।
भारतीय जनता पार्टी ने विधायक दल की बैठक में दिल्ली के अगले मुख्यमंत्री के रूप में रेखा गुप्ता के नाम पर मुहर लगा दी है। इस फैसले के साथ ही पूरे दिन से चल रहा अटकलों का दौर समाप्त हो गया है, और दिल्ली को अपना नया मुख्यमंत्री मिल गया है। पार्टी के इस निर्णय से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है, और समर्थकों में उत्साह देखा जा रहा है।
DELHI NEW CM – कल रामलीला मैदान में होगा शपथ समारोह –

दिल्ली की नई मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता होंगी, जो कल, 20 फरवरी को रामलीला मैदान में भव्य शपथ समारोह के दौरान मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगी। रेखा गुप्ता शालीमार बाग सीट से विधायक हैं और हाल ही में विधानसभा चुनाव में उन्होंने आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार वंदना कुमारी को 29,595 वोटों के बड़े अंतर से पराजित किया है।
DELHI NEW CM – रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर –
रेखा गुप्ता का राजनीतिक सफर बचपन से ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ा रहा है। उन्होंने संघ की छात्र इकाई, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी), के माध्यम से छात्र राजनीति में प्रवेश किया। 1994-95 में वह दौलत राम कॉलेज की सचिव चुनी गईं, और अगले वर्ष, 1995-96 में, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (DUSU) की सचिव बनीं। उनकी नेतृत्व क्षमता और लोकप्रियता के कारण 1996-97 में उन्हें DUSU का अध्यक्ष चुना गया।
राजनीति में उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता ने उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में एक मजबूत नेता के रूप में स्थापित किया। विधायक के रूप में उनकी सक्रिय भूमिका और संगठन के प्रति उनकी निष्ठा ने उन्हें मुख्यमंत्री पद तक पहुंचाया। अब, मुख्यमंत्री के रूप में, उनसे दिल्ली के विकास और शासन में नए सुधारों की उम्मीद की जा रही है।